इटावा। खेत में धान की पराली जलाने में भरथना तहसील क्षेत्र के 21 किसान धर लिए गए हैं। इन किसानों के खेतों मेें पराली जलाने की फोटो समेत रिपोर्ट लेखपालों ने तहसीलदार को सौंप दी है। जल्द ही किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जुर्माना वसूला जाएगा।
एनजीटी ने खेतों पर पराली जलाने पर रोक लगा रखी है। पराली जलाने से प्रदूषण फैलता है। रोक के बावजूद तहसील क्षेत्र के किसान खेतों में पराली जला रहे हैं। सूचना मिलने पर लेखपालों ने अलग-अलग गांवों के 21
किसानों के खेतों में पराली जलाने के फोटो खींचने के साथ वीडियो बना लिए हैं। फोटो और वीडियो के साथ लेखपालों ने तहसीलदार गजराज सिंह यादव को सोमवार दोपहर बाद रिपोर्ट सौंपी।
तहसीलदार ने एसडीएम इंद्रजीत सिंह को रिपोर्ट दी। तहसीलदार ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर सभी किसानों पर जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना के नोटिस लेखपालों के माध्यम से किसानों को भेज दिए गए हैं। किसानों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।