इटावा। बकेवर के बिजौली गांव से लापता होने के बाद कुएं में मृत पाई गई बालिका की मौत पर पड़ा पर्दा 13 दिन बाद भी नहीं उठ पाया है। पुलिस को फोरेंसिक जांच, विसरा व स्लाइड रिपोर्ट के आने का इंतजार है।
थाना क्षेत्र के एक गांव से 9 वर्षीया बालिका गत 7 अक्तूबर की शाम लापता हो गई थी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। घटना के तीसरे दिन सोमवार को बालिका का शव गांव के बीचों बीच कुएं में उतराता मिला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया तो रिपोर्ट में डूबने से बालिका की मौत होने का कारण सामने आया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालिका की मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा व स्लाइड समेत फोरेंसिक साक्ष्य भी जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं।
एसएसपी ने मामले को गंभीरता लेते हुए विवेचना अधिकारी बदल दिया। जांच हलका इंचार्ज से थाना के एसएसआई सतेंद्र भदौरिया को सौंपी गई है। विवेचक सतेंद्र भदौरिया ने बताया कि शव का विसरा परीक्षण के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। पुलिस की जांच जारी है।
गौरतलब है कि मामला सपा के पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया के गांव का है और मौजूदा भाजपा सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया भी पीड़ित के घर जाकर शोक संवेदना जता चुके हैं।