इटावा। सहसों थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता किशोरी की हत्या कर दी गई। गांव के युवक की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार शाम करीब छह बजे जंगल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शव कई दिन पुराना है। इससे लगता है कि लापता होने वाले दिन ही किशोरी की हत्या कर दी गई थी।
सहसों थाना क्षेत्र के एक गांव 14 वर्षीया किशोरी 11 अक्तूबर को शमशान घाट के पास खेत में बाजरे की बालियां तोड़ने गई थी। शाम तक वह घर नहीं लौटी तो पिता ने खोजबीन की।
लोगों ने बताया कि किशोरी चारा का गट्ठर लेकर काफी देर पहले जा चुकी है। पिता ने शक के आधार पर 11 अक्तूबर को गांव के नीरज के खिलाफ सहसों थाना में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने नीरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
सीओ चकरनगर वैभव पांडेय ने बताया कि पूछताछ में नीरज ने किशोरी के हत्या करना कबूल किया है। उसकी निशानदेही पर रविवार को शव बरामद कर लिया गया है। शव कई दिन पुराना है, इससे लगता है अपहरण वाले दिन ही हत्या कर दी गई। अपहरण के कुछ समय बाद ही बालिका की हत्या कर दी गई। हत्या क्यों की गई इसकी जानकारी सीओ नहीं दे पाए।