इटावा। बसरेहर कस्बा स्थित सागर जन सेवा केंद्र संचालक के स्टेट बैंक खाते से नेट बैंकिंग के जरिए तीन बार में 98 हजार रुपये निकल गए। ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए संचालक ने इसकी शिकायत थाना पुलिस से की है।
थाना क्षेत्र के मलपुरा निवासी उक्त केंद्र के संचालक ऋषिपाल सिंह पुत्र महावीर सिंह ने बताया कि गत एक अक्तूबर की शाम करीब 6 बजे उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया कि उसके अकाउंट से 10 हजार रुपये निकाले गए हैं। जब तक वह कुछ समझ पाता कि तब तक दो मैसेज और आए, जिसमें 55 हजार और 33 हजार रुपये दो बार में निकाले जाने की सूचना दी गई थी।
चूंकि उसके बैंक अकाउंट से यह ठगी एक अक्तूबर को हुई थी। अगले दिन दो अक्तूबर गांधी जयंती की बैंक में छुट्टी थी। तीसरे दिन कस्बा स्थित स्टेट बैंक की शाखा पर पहुंचा तो उसे बताया गया कि उसके अकाउंट से 98 हजार रुपये ऑनलाइन शॉपिंग की गई है। उसके बैंक खाते के साथ धोखाधड़ी करके रुपये निकाले गए हैं। ऑनलाइन ठगी के शिकार ऋषिपाल ने इसी तहरीर थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।