इटावा। कोतवाली थाना क्षेत्र पक्का तालाब पर दोपहर के समय अपनी प्रेमिका के साथ आए एक युवक की प्रेमिका से किसी बात को लेकर अनबन हो गई, जिससे नाराज होकर युवक ने बरगद के पेड़ पर रस्सी से फांसी लगाने का प्रयास किया। वहां से गुजर रहे लोगाें ने उसे फांसी के फंदे से उतारकर यूपी 100 पुलिस को सौंप दिया।
बढ़पुरा क्षेत्र के ग्राम फूटी हवेली निवासी सोनू सिंह पुत्र खेत सिंह मंगलवार की दोपहर को अपनी प्रेमिका सहित एक अन्य युवती के साथ पक्का तालाब पर आए थे। बताया गया कि काफी समय तक दोनों बात करते रहे। इसके बाद प्रेमिका अपनी सहेली के साथ चली गई। जाते समय प्रेमिका ने कुछ ऐसा कह दिया जो कि सोनू को अच्छा नहीं लगा। सोनू ने पक्का तालाब स्थित बरगद के पेड़ पर रस्सी से फांसी लगाने का प्रयास किया। पक्का तालाब से गुजर रहे कुछ लोगाें ने युवक को फांसी लगाते हुए देखा तो उन्होंने उसे फांसी के फंदे से उतार लिया और यूपी 100 पर फोन कर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस सोनू सिंह को लेकर कोतवाली पहुंची। कोतवाली प्रभारी अनिल मणि त्रिपाठी ने बताया कि युवक के परिवार के लोगों को बुलाया गया था और उनकी सुपुर्दगी में युवक को सौंप दिया गया। साथ ही युवक को यह चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस प्रकार की कोई गलती न करे।