प्रदीप कुमार, फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : ETAWAH
ऊसराहार। छुट्टा पशुओं से फसल बचाने के लिए खेत में तार लगा रहे किसान पर हाईटेंशन लाइन का तार गिर गया। इससे झुलसकर किसान की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई।
गांव गंगदासपुर में सोमवार सुबह धान की फसल पशुओं से बचाने के लिए प्रदीप कुमार उर्फ संजू (40) मामन गोशाला के पास खेत पर तार बांध रहा था। इस बीच ऊपर से निकला हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर उस पर गिर पड़ा। करंट से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण घटना हुई है। जर्जर तार बदलवाने में हीलाहवाली की जाती है। तीन साल पहले गांव के ही राजेश यादव की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो चुकी है। एसडीओ रामहरी ने बताया कि तार को दुरुस्त करा दिया गया है। लापरवाही के आरोपों की जांच कराई जाएगी। एसडीएम ताखा कौशल कुमार ने बताया कि मृतक किसान के परिवार को मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना बीमा का लाभ दिया जाएगा।