भरथना (इटावा)। बिजली नहीं थी, गर्मी के कारण महिला घर के बाहर चबूतरे पर सो गई। रात में चोर कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़कर नकदी समेत 15 लाख के जेवर उठा ले गए। सूचना मिलने पर सुबह सीओ ने फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड बुलाकर जांच कराई।
कंधेसी पचार की आशा देवी पत्नी स्व. सुभाष चंद्र शुक्ला गांव में बहू और पौत्रियों के साथ रहती हैं। बेटा तरुण नोएडा में निजी कंपनी में नौकरी करता है। शनिवार रात बिजली नहीं आ रही थी। गर्मी के कारण आशा घर का दरवाजा खोल कर चबूतरे पर सो रहीं थीं। बहू अंजली दो बेटियों उमा और रमा के साथ कमरे में सो रहीं थीं। रात में चोर घर में घुस आए और अलमारी से 35 हजार रुपये, सोने के दो हार, छह चूड़ी, मंगलसूत्र, दो अंगूठी, जंजीर, झुमकी, ब्रजबाला, टॉप्स और चांदी की तोड़िया समेत 15 लाख का माल ले गए।
सुबह सोकर उठने पर खुली अलमारी और बिखरा सामान देखकर आशा ने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।
सीओ विजय सिंह, भरथाना कोतवाल केएल पटेल ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड के साथ जांच की। एसपी देहात सत्यपाल सिंह ने कहा कि जांच की जा रही है, जल्द ही सभी खुलासा कर दिया जाएगा।
इनसेट
हाजीपुर से ले गए ढाई लाख का माल
तहसीलदार के अर्दली हाजीपुर गांव निवासी रामनरेश यादव के घर से भी चोर नगदी, जेवर समेत ढाई लाख का माल समेट ले गए। रामनरेश ने बताया कि शनिवार रात पत्नी मुनीसा देवी, बेटी पूजा के साथ पहली मंजिल पर सो रहे थे। मां फूलनश्री, बेटा संतोष और बहू प्रीती भूतल के कमरे में थे। रात में मुख्य दरवाजे के ताला तोड़कर चोर घर में घुस आए। नीचे वाले कमरे में रखी अलमारी से सोने की चेन, मंगलसूत्र, झाले, चार अंगूठियां, चांदी की तोड़िया, करधनी और 10 हजार रुपये उठा ले गए। राम नरेश ने बताया कि घर में खटपट होने पर पत्नी की नींद खुली गई थी। उन्होंने आवाज भी लगाई थी, इस पर चोर भाग निकले थे।
मई में तीन घरों में हुई थी चोरी
29 मई को पीसीएफ के अधिकारी के घर सहित तीन घरों में चोरी हुई थी। तीनों घरों से चोर लगभग 23 लाख रुपये माल ले गए थे। पुलिस अभी तक किसी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है।