अस्पताल के बाहर हंगामा करते परिजन
- फोटो : ETAWAH
इटावा। कोकपुरा शाला स्थित एक निजी हॉस्पिटल में आपरेेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने हंगामा किया। मामला बढ़ता देख डॉक्टर और कर्मचारी हॉस्पिटल में ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा कर शांत कराया। अब तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र कोकपुरा शाला निवासी मलखान सिंह की पत्नी अनीषा (36) की बच्चे दानी में कई दिनों से दिक्कत थी। बुधवार को मलखान ने अनीषा को मोहल्ले के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। वहां गुरुवार शाम चार बजे अनीषा का ऑपरेशन किया गया। मलखान सिंह ने बताया कि आपरेशन से पहले डॉक्टरों ने खून की कमी बताई थी, लेकिन आपरेशन के दौरान अनीषा को खून नहीं चढ़ाया गया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने गुरुवार सुबह चार बजे उसे सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया। बेटा साहिल अनीषा को लेकर मेडिकल यूनिवर्सिटी जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मलखान के मुताबिक जब परिजन शव लेकर निजी अस्पताल लौटे, तो वहां ताला लगा हुआ था। सभी डॉक्टर व कर्मचारी वहां से भाग चुके थे। साहिल ने बताया कि डॉक्टरों ने आपरेशन से पहले ही 52 हजार रुपये जमा करवा लिए थे। वहीं डॉक्टरों के भागने के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची फ्रेंड्स कालोनी पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। इसे सीएमओ को भेजा जाएगा। अनीषा की पोस्टमार्टम व सीएमओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।