इटावा। लखनऊ से आए खनन अधिकारियों की टीम ने मौरंग भरे दो ट्रक व एक ट्रैक्टर सहित एकत्र मौरंग, बालू, डस्ट व गिट्टी जब्त कर पुलिस को सुपुर्द की। कस्बा क्षेत्र के मोहल्ला पुराना भरथना मंडी रोड अस्पताल के सामने मंगलवार की सुबह साढ़े दस बजे करीब लखनऊ से आई टीम ने वाहन चेकिंग की।
टीम में भू वैज्ञानिक मोहिद्दीन, सहायक भूवैज्ञानिक लालता प्रसाद के अलावा खनन अधिकारी ब्रजबिहारी प्रसाद, औरैया के शिव दयाल, उन्नाव के अमित रंजन, कन्नौज के देशराज सिंह के अलावा डिप्टी एसपी सौरभ सिंह शामिल थे। उन्होंने छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से मौरंग, गिट्टी, डस्ट व बालू के भंडारण को जब्त कर मौके पर मौजूद मौरंग से लोड दो ट्रक व एक ट्रैक्टर पकड़ कर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया। अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए उप खनिजों के संबंध में परिवहन, वैध प्रपत्र व भंडारण का कोई लाइसेंस नहीं मिला और न ही क्रय-विक्रय के संबंध में कोई कागजात दिखाए जा सके। इसको लेकर उत्तर प्रदेश खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) के तहत अवैध उप खनिज को जब्त की कार्रवाई की गई। इस दौरान कोतवाल अनिल कुमार, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह व लेखपाल अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।