इटावा। ऊसराहार कस्बे के मुख्य तिराहे से व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष और ग्राम प्रधान के घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई। चोरों ने एक और बाइक का लॉक तोड़कर चोरी का प्रयास किया। घटना से आक्रोशित कस्बा वालों ने चौकी पर शिकायत की है।
कस्बा ऊसराहार में कस्बा तिराहे के पास व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष और ग्राम प्रधान भरतपुर खुर्द राजीव गुप्ता का आवास है। वह मंगलवार की रात में अपनी आढ़त की दुकान से आए और रोजाना की तरह घर के बाहर बाइक खड़ी करके घर चले गए। सुबह देखा तो बाइक गायब थी। उसी के साथ एक और बाइक का लॉक टूटा पड़ा था, लेकिन चोर उसे नहीं ले जा पाए। सूचना पर काफी संख्या में व्यापारी जुट गये। घटना की सूचना एसएसपी को देकर कार्रवाई की मांग की। घटनास्थल पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज सत्यप्रकाश यादव से भी लोगों ने थाना के पास हुई चोरी को लेकर नाराजगी जताई। थानाध्यक्ष गगन कुमार गौड़ ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है। (संवाद)