इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत औरैया अनंतराम बार्डर पर शनिवार रात खनन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाकर मौरंग से लदे ओवरलोड तीन ट्रकों को सीज किया है। इसके बाद सूचना पर पहुंचे सेल्स टैक्स कमिश्नर ने भी पहुंच कर पकड़े गये ट्रकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की।
शनिवार रात तीन बजे से रविवार सुबह आठ बजे तक खनन विभाग व पुलिस द्वारा चलाये गए चेकिंग अभियान में मौरंग भरे तीन ओवरलोड ट्रकों को सीज कर थाने में खड़ा कराया गया। सूचना मिलने पर सेल्स टैक्स कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे और विभागीय कार्रवाई की। गत एक सप्ताह से इटावा-औरैया बार्डर पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान खनन अधिकारी बृज बिहारी, महेवा चौकी प्रभारी नीतेंद्र वशिष्ठ, संतोष, विनीत कुमार, नितिन शर्मा, शिवकुमार, संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।