इटावा। ट्रक मालिक ने परिजनों से मिलकर खुद ही गायब होकर अपने साथी को अपहरण के केस में फंसाने की साजिश रची थी। गुरुवार को पुलिस ने ट्रक मालिक अनीस खान उर्फ अन्नू को उसके भाई के साथ गिरफ्तार कर साजिश का खुलासा कर दिया। ट्रक मालिक की पत्नी और उसका दूसरा भाई फरार हैं।
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि कस्बा अहेरीपुर निवासी ट्रक मालिक अनीस खान उर्फ अन्नू की पत्नी रिजवाना ने भरथना निवासी शिवम भदौरिया के विरुद्ध पति को बंधक बनाने का मामला दर्ज कराया था। अनीस के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था। बकेवर पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने मामले की छानबीन की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खुद को लापता बताने वाला ट्रक मालिक अनीस खान एक दिल्ली नंबर की स्कार्पियो गाड़ी से कुछ लोगों के साथ भागने की फिराक में है। पुलिस ने ग्राम जगमोहनपुर के पास एक दिल्ली नंबर की स्कार्पियो को रुकवाया। उसमें बैठे लोगों की पूछताछ कर शिनाख्त की तो एक व्यक्ति की पहचान अनीस उर्फ अन्नू खान के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। दूसरे व्यक्ति से पूछताछ की उसने अपना नाम अल्ताफ पुत्र लुकमान निवासी अहेरी पुर थाना बकेवर बताया। उसके पास से तलाशी में एक छुरा भी मिला है। इस दौरान स्कार्पियो में सवार एक अन्य व्यक्ति व एक महिला भाग जाने में सफल रहे।
एसएसपी ने बताया पकड़ा गया लापता ट्रक मालिक अनीस उर्फ अन्नू खान पहले भी गोकशी के मामले में अजीतमल औरैया जनपद से जेल जा चुका है।
दरअसल, बिहार के जनपद रोहतास विक्रम गंज निवासी किसी ट्रक व्यवसायी इकबाल के साथ कारोबार को लेकर अनीस का लेनदेन का विवाद है। इसी का वीडियो शिवम ने बनाया था। इसी खुन्नस में शिवम को फंसाने के लिए ही पूरी साजिश रची गई थी। ट्रक मालिक अनीस खान, उसके भाई अल्ताफ व मन्नू खान व पत्नी रिजवाना उर्फ सोनी के विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अनीस खान व अल्ताफ को जेल भेज दिया है। उसकी पत्नी और अन्य भाई की तलाश की जा रही है।
सोशल मीडिया पर लापता ट्रक मालिक की पिटाई का वीडियो वायरल होने पर मामले के खुलासा करने वाली थाना बकेवर पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम को एसएसपी आकाश तोमर के द्वारा 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई।
अनीस ने मारपीट का वीडियो वायरल होने के बारे में बताया कि शिवम भदौरिया तथा हमारा दोनों लोगों का ट्रांसपोर्ट का काम है। इसमें हम लोग भिंड व मुरैना से सरसों का तेल बिहार ले जाने का व्यापार करते हैं। वह इधर से बिहार तेल ले जाता था। लौटते समय इकबाल कुरैशी जो विक्रमगंज जनपद रोहतास बिहार मीट का काम करता है उसका माल दिल्ली व अन्य स्थानों पर पहुंचाता था। इसी को लेकर उसका इकबाल से पैसे का लेनदेन चलता रहता है। 30 सितंबर को वह इकबाल कुरैशी के पास बिहार गया, जहां शिवम भदौरिया पहले से मौजूद था। इकबाल कुरैशी व उसके बीच मीट के पैसे के लेन देन को लेकर विवाद हुआ जिसमें उसके साथ मारपीट की गई। इसका वीडियो शिवम ने बनाकर उसके घरवालों को भेज दिया। इससे समाज में उसकी काफी बदनामी हुई। शिवम से बदला लेने के उद्देश्य से अपनी पत्नी रिजवाना उर्फ सोनी तथा अपने परिवारीजनों के माध्यम से योजनाबद्ध तरीके से शिवम के खिलाफ फर्जी मुकदमा लिखवाया। वीडियो को पत्रकार मित्र के माध्यम से न्यूज में प्रसारित करवाया था। इस घटना क्रम के दौरान अभियुक्त अनीस अपने भाई मन्नू के घर पिलखर में रह रहा था।