इटावा। पिछले 10 दिन से सूने सिपाही के मकान में चोरों ने हाथ साफ कर दिए। मंगलवार देर शाम घर पहुंचे कानपुर में तैनात यूपी पुलिस के सिपाही को घर का ताला खोलने पर चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित सिपाही के खबर देने पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल शुरू कर दी।
कानपुर में सिपाही पद पर तैनात सुबोध यादव के यहां भरथना-बिधूना मार्ग पर मोहल्ला सती मंदिर स्थित घर में बदमाश घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। उनकी पत्नी व बच्चे 10 दिन पहले ही उनके पास कानपुर चले गए थे और तब से ही घर सूना था।
मंगलवार की शाम करीब 7 बजे के बाद घर वापस आने पर कमरों का सामान बिखरा देख चोरी की आशंका पर उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। देर शाम तक चोरी के नुकसान का आकलन किया जा रहा था।