इटावा। पुष्पेंद्र दोहरे की मौत को लेकर ओबीसी-एससीएसटी एकता सेवा समिति का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को उनके घर पहुंचा। यहां प्रदेश अध्यक्ष प्रो. दिनेश यादव ने कहा कि पुलिस निरंकुश होती जा रही है और कमजोर वर्ग पर अत्याचार कर रही है। उन्होंने कहा कि पुष्पेंद्र कांड में पुलिस ने जो अमानवीय चेहरा दिखाया है वह शर्मनाक है। मौत के बाद पुष्पेंद्र की पत्नी व मां को उनका चेहरा न दिखाकर चुपके से उनका अंतिम संस्कार कर देने को प्रदेश अध्यक्ष ने क्रूरता की पराकाष्ठा बताया।
उन्होंने कहा कि पुष्पेंद्र इतना शातिर अपराधी नहीं था जितनी पुलिस ने उसके साथ क्रूरता दिखाई। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस ने उसके भाई को थाने में कौन सी कानूनी धारा के साथ पाबंद किया था। यह पुलिस की हिटलर शाही का एक नमूना है। उन्होंने यह भी कहा कि पुष्पेंद्र के परिवार को प्रदेश सरकार आर्थिक मदद करे तथा न्याय न्याय दिलाया जाए। कहा कि समिति पीड़ित परिवार के साथ है तथा न्याय न मिलने पर आंदोलन भी करेगी। उन्होंने दिवंगत की पत्नी रुचि और मां ओम कुमारी व उनके अनाथ बच्चों को ढांढस भी बंधाया। इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष छाया गौतम कानपुर, मंडल उपाध्यक्ष सनी यादव इटावा, जिला अध्यक्ष बेचेलाल प्रजापति एवं रविंद्र सिंह यादव आदि सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।