घटनास्थल पर मौजूद सीओ चंद्रपाल सिंह, कोतवाल अनिल कुमार
- फोटो : ETAWHA
इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के सरैया गांव से डेढ़ माह से लापता करीब 46 वर्षीय राजमिस्त्री महिपाल का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर छोला नाला किनारे बरामद होने से परिजनों व ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हिरासत में लिये व्यक्ति की निशानदेही पर नाला किनारे खोदाई कराकर क्षत-विक्षत अवस्था में शव बरामद किया है।
बुधवार दोपहर करीब चार बजे सरैया गांव के पीछे एक किमी दूर छोला नाला की ओर पुलिस को देखकर आसपास के ग्रामीणों में हलचल मच गई। पुलिस ने यहां से एक व्यक्ति का शव बरामद किया। यह बीते 10 जुलाई से लापता हुए सरैया गांव के महिपाल सिंह के शव होने की चर्चा हो रही थी। इसी दौरान मौके पर पहुंची महिपाल की पत्नी रेनू देवी व अन्य परिजनों ने बताया कि बीती 10 जुलाई को रात्रि 8 बजे करीब किसी शख्स का फोन आने पर महिपाल सिंह घर से थोड़ी देर में वापस आने की बात कहकर चले गए थे। वे देर तक वापस नहीं आए और उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। 16 जुलाई को थाना पुलिस को गुमशुदगी की सूचना भी दी थी और 8 अगस्त को सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया को भी प्रार्थना पत्र देकर पति की बरामदगी की गुहार लगाई थी। इस दौरान थाना पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की। घटनास्थल पर मौजूद कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि लापता हुए राजमिस्त्री की दर्ज गुमशुदगी को लेकर कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था जिसकी निशानदेही पर इस स्थान पर गड्ढा खोदकर लापता महिपाल का शव निकाला गया है। उसकी शिनाख्त उसके बेटे गोविंद ने अपने पिता के रूप में की। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जांच के बाद हत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मौके पर कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज राजेन्द्र सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा। मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी चन्द्रपाल सिंह, कोतवाल अनिल कुमार आदि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।