इटावा। सैफई थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरी में खेत पर जा रहे एक युवक को कुछ लोगों ने पीट दिया। उसे शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल के परिजनों ने थाना पुलिस को मामले की तहरीर दी है।
योगेश कुमार पुत्र मोहनलाल निवासी शिवपुरी थाना सैफई शनिवार की रात करीब 10 बजे खेत जा रहा था। इसी बीच रास्ते में घात लगाए बैठे गांव के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और सरिया से उस पर हमला कर दिया। इसमें योगेश घायल हो गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बचाने के लिए दौड़ पड़े। लोगों को आता देखकर हमलावर युवक को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर भाग गए। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल योगेश को इटावा के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना की शिकायत परिजनों ने सैफई थाना प्रभारी को तहरीर देकर की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।