इटावा। कोतवाली पुलिस ने मोबाइल चोर गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के 12 मोबाइल बरामद हुए हैं, जिन्हें वे बेचने जा रहे थे। ये मोबाइल चोर जिस कंटेनर में बैठ कर आए, कागजात न होने पर पुलिस ने उसे भी सीज कर दिया।
एसएसपी आकाश तोमर के निर्देश पर शास्त्री चौराहे पर चेकिंग कर रही कोतवाली पुलिस ने मोबाइल चुराने वाले गैंग के तीन लड़कों को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक बचन सिंह सिरोही ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र क शाहपुर बेदी गांव निवासी शिवम कुमार पुत्र दीनानाथ और सदर कोतवाली क्षेत्र के मेवाती टोला मोहल्ला के मोईन उर्फ अभिषेक पुत्र नवीशेर व अरबाज पुत्र सलीम को एक आयशर कंटेनर में बैठकर जाते हुए पकड़ा गया। इनमें शिवम कंटेनर चालक है। यह तीनों मोबाइल चोर गैंग के सदस्य हैं।
चोर गैंग के ये तीनों लोग भरथना चौराहे से शहर की ओर आ रहे थे। तभी इन्हें ओवरब्रिज के पास पकड़ लिया गया। इनके पास से चोरी के कुल 12 मोबाइल मिले। चालक शिवम कंटेनर गाड़ी के कागज नहीं दिखा पाया। लिहाजा गाड़ी सीज कर दी गई। गिरफ्त में आए इन युवकों ने बताया कि वह मोबाइल चुरा कर सही दाम मिलने पर बेच देते हैं। बरामद मोबाइल भी अलग अलग जगहों से चुराए गए हैं। पुलिस ने तीनों को मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी सत्येंद्र यादव व सर्विलांस प्रभारी बीके सिंह की टीम भी शामिल रही।