इटावा। लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 15 दुकानदार और 20 बाइक मालिकों के चालान काटे गए। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट उमेश मिश्रा की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई।
एसडीएम सदर सिद्धार्थ, कोतवाली रमेश सिंह व नगरपालिका ईओ अनिल कुमार, अस्तल चौकी प्रभारी मिलन सिरोही, पुराना शहर प्रभारी रामप्रताप सुबह के वक्त बाजार में निकले। जो दुकानदार बगैर मास्क लगाए, सड़क पर अतिक्रमण करके बगैर निर्धारित दूरी का पालन कराए सामान बेचते मिले। उनके खिलाफ कार्रवाई की। दुकानों के बाहर आड़े तिरछे खड़े और दो सवारी बैठे दुपहिया वाहन भी कार्रवाई की जद में रहे। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पहली बार उल्लंघन करते पकड़े जाने पर दुकानदार का 500 रुपये का चालान काटा गया है। बगैर मास्क चलने वालों से 100 रुपये व बाइक या स्कूटी पर दो सवारी मिलने पर 250 से 500 रुपये का चालान किया गया है। दुकानदार से दूसरी बार में 2500 रुपये और तीसरी बार में 5000 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। लॉकडाउन के उल्लंघन में तीन महीने की सजा का भी प्रावधान है।