इटावा। अलग अलग थाना क्षेत्रों में दो महिलाओं समेत चार लोगों की फांसी लगने से मौत हो गई। सहसों थाना क्षेत्र के विंडवाखुर्द गांव निवासी लक्ष्मी (25) पत्नी तेजेंद्र सिंह की मंगलवार सुबह घर के अंदर फांसी लगने से मौत हो गई।
सीओ चकरनगर मस्सा सिंह ने बताया कि महिला ने फांसी लगा ली। मायका व ससुराल पक्ष के लोगों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही आपसी समझौता करके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। दोनों पक्षों ने कानूनी कार्रवाई न करने का प्रार्थनापत्र दिया है।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के समथर गांव निवासी नरेश शाक्य की पुत्री रागनी (21) की शादी बसरेहर थाना क्षेत्र के जैतपुर तोताराम गांव निवासी सुरेश के पुत्र प्रदीप से 16 जनवरी को हुई थी। मृतका के पिता नरेश ने आरोप लगाया कि बेटी के पति और ससुरालियों ने चौथी चलने के बाद ही 70 हजार रुपये व बाइक की मांग को लेकर मारपीट शुरू कर दी थी। जिसे वह पूरा नहीं कर पाए। बुधवार को उनकी बेटी को फांसी के फंदे पर लटकाकर मार दिया और भाग गए। सैफई सीओ उत्तम सिंह व थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने मामले की जांच कर रहे हैं।
बकेवर थाना क्षेत्र के करौंधी गांव स्थित ससुराल में एक साल से रह रहे औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के गौतला गांव निवासी प्रीतम सिंह (29) ने मंगलवार रात को फांसी लगने से मौत हो गई। बुधवार सुबह उसके ससुरालीजन अस्पताल ले गए। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। लखना चौकी प्रभारी प्रशांत द्विवेदी ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
इसके अलावा वैदपुरा थाना क्षेत्र के नगला गड़रिया गांव में बुधवार सुबह गांव के ही मुकेश कुमार (25) का जामुन के पेड़ पर अंगौछे से फांसी पर लटका शव मिला। गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। वैदपुरा थानाध्यक्ष सतीश यादव ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। उन्होंने बताया कि मुकेश बकेवर स्थित अपनी बहन के घर गया था। उसके बाद वह घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह उसका शव और पेड़ के पास ही उसकी बाइक मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।