मौके पर जांच पड़ताल करते एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह व सीओ सैफई चंद्रपाल सिंह
- फोटो : ETAWHA
इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार दिन दहाड़े सरेराह एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की अंगौछे से गला घोटकर हत्या कर दी। ग्रामीणों ने हत्यारोपी पति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अभी यह साफ नहीं हुआ है कि आरोपी ने किन वजह से पत्नी की हत्या की है।
चौबिया थाना क्षेत्र के राहिन पुल से गुलाबपुरा गांव को जाने वाले सूखे बंबे में एक व्यक्ति ने शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे महिला की अंगौछे से गला दबाकर हत्या कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि यह व्यक्ति साइकिल से महिला को लेकर जा रहा था। तभी वह महिला को इस सूखे बंबे में उतार कर ले गया और उसके सिर को गीली मिट्टी में दबा दिया, ताकि उसकी चीख बाहर न निकल सके। महिला की हत्या करने के बाद इस व्यक्ति ने भागने की कोशिश की। लेकिन खेतों में मक्का की रखवाली कर रहे ग्रामीणों ने उसे दौड़ा कर दबोच लिया। थाना पुलिस को बुलाकर उनके हवाले कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक जीवाराम यादव ने बताया कि फ्रेंड्सकालोनी थाना क्षेत्र के कोकपुरा गांव निवासी महिला सोनी (40) पत्नी रूपराम की गला घोटकर हत्या हुई है। मृतका के परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया है।
एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह व सीओ सैफई चंद्रपाल सिंह ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। एएसपी ने बताया कि पुलिस हिरासत में आए हत्यारोपी पति से पूछताछ की जा रही है।