इटावा। जमीन के विवाद में बैठी पंचायत में दोनों पक्षों में गाली गलौज के बाद फायरिंग हो गई। इसमें गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। उन्हें पुलिस ने चिकित्सा विवि सैफई में भर्ती कराया है। दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। अभी किसी पक्ष ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया है।
जसवंतनगर के ज्वालापुर गांव निवासी शिशुपाल और पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच ज्वालापुर के पास एक स्कूल में पंचायत हो रही थी। पंचायत में बातचीत के दौरान गाली गलौच शुरू हो गई। बात बढने पर असलहे निकल आए और फायरिंग शुरू हो गई। शिशुपाल के बेटे सचिन के मुंह और उनके पक्ष के विनोद पुत्र सत्यप्रकाश की कमर में गोली लग गई। शिशुपाल और सुनील भी मामूली रूप से घायल हुए हैं। दो लोगों को गोली लगने के बाद दूसरे पक्ष के लोग भाग निकले। सूचना मिलने पर सीओ उत्तम सिंह और प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। घायलों को चिकित्सा विवि सैफई पहुंचाया गया। सीओ ने लोगों से विवाद के बारे में जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। पंचायत के दौरान फायरिंग हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।