भरथना/इटावा। चोरी के आभूषण, एलईडी टीवी व मोबाइल समेत तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से तमंचा और चाकू भी बरामद हुए हैं।
भरथना थाना प्रभारी निरीक्षक बलिराज शाही और एसओजी प्रभारी सत्येंद्र यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र के पागल बाबा मंदिर के पास बस स्टैंड की कोठरी की दीवार से छुपे बैठे तीन बदमाशों को घेराबंदी करके पकड़ है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए लोगों के पास से चोरी के तीन एलईडी टीवी, पांच मोबाइल, सोने की सात लेडीज व एक मर्दाना अगूंठी, एक बृजमाला, एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी कुंडल, एक चेन, एक गले की कंठी, दो नथुनी, गणपति बने एक हाय समेत चांदी के एक करधनी, तीन जोड़ी पायलें, चेन, बिछिया, खडु़आ और 7630 रुपये के अलावा तमंचा व चाकू बरामद हुए।
गिरफ्तार तीनों बदमाश भरथना के रहने वाले हैं। विपिन यादव पुत्र रमेश चंद्र सुजीपुरा गांव, मोहन पुत्र राकेश कुमार और ज्ञानसिंह उर्फ धरतीफाड़ पुत्र राजेंद्र सिंह कुंअरा गांव के रहने वाले हैं। बदमाशों ने बताया कि बरामद माल चोरी का है। वे कि वह घरों में चोरी करते हैं और इसे विभिन्न जगहों से चुराया है। इसमें कुछ वारदातों के बारे में खुलासा भी किया।
मसलन 16 मार्च को बृजराजनगर के बंद पड़े घर से जेवर व नगदी चुराई थी। 17 अप्रैल की रात को ब्रह्मनगर मोहल्ला व 24 अप्रैल को मोतीगंज मोहल्ला में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। तीनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास है। इनके खिलाफ भरथना थाने में मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में सर्विलांस प्रभारी बीके सिंह, उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।