इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के शेरपुर कोठी गांव में कच्ची शराब बनाने की भट्ठी पकड़ी गई। प्रधान समेत 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला समेत पांच लोग गिरफ्तार हुए हैं। प्रधान समेत छह लोग फरार हैं। भरथना के एसडीएम व सीओ की इस कार्रवाई में करीब 200 लीटर कच्ची शराब, सामान और कार बरामद हुई है।
शनिवार देर शाम एसडीएम इंद्रजीत सिंह व भरथना सीओ आलोक प्रसाद ने शेरपुर कोठी गांव में विपिन प्रताप सिंह के घर दबिश दी और प्लास्टिक के पांच केन में करीब 200 लीटर कच्ची शराब बरामद की। मौके से मस्ती ब्रांड के तीन बंडल व तोफा ब्रांड के दो बंडल रैपर, 782 ढक्कन, आबकारी विभाग के 600 क्यूआर कोड स्टीकर समेत सप्लाई में इस्तेमाल होने वाली कार, बाइक व स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस ने अहेरीपुर गांव निवासी कोहिनूर पुत्र नसीब, शेरपुर कोठी गांव के प्रबल प्रताप पुत्र सुभाष, सूर्य प्रकाश पुत्र लल्ला, नरेंद्र सिंह पुत्र सिद्धगोपाल और विपिन प्रताप की पत्नी मंजूलता को पकड़ा है। वहीं शेरपुर गांव के प्रधान आदेश तिवारी समेत बाकी छह लोग भाग निकले। बकेवर थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रधान आदेश तिवारी समेत कुल 11 लोगों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
कार्रवाई में थाना पुलिस नहीं रही शामिल
शेरपुर कोठी गांव में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की इस छापामार कार्रवाई में बकेवर थाना पुलिस शामिल नहीं रही। दूसरे थानों से पुलिस बल बुलाकर छापा मारा गया। माना जा रहा है कि थाना से महज दो किमी दूर अवैध रूप कच्ची शराब बनाने और बेचने का धंधा चलने से थाना पुलिस के
कामकाज पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इस संबंध में सीओ भरथना आलोक प्रसाद से पूछने पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर
यह कार्रवाई की गई है।