इटावा। सैफई थानाक्षेत्र के कर्री छिमार मार्ग हवाई पट्टी पर रविवार शाम अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों को लेकर सैफई पीजीआई पहुंची, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट नहीं पहना था इसकी वजह से सिर में गंभीर चोट आई।
ग्राम महलई निवासी 30 वर्षीय धर्मवीर उर्फ सोमराज पुत्र महाराज सिंह के साले की पत्नी का शनिवार को निधन हो गया था, जिसकी गमी में होने वह हापुड़ से शनिवार रात घर आए थे। इसके बाद वह साढू़ श्याम सुंदर पुत्र धर्मेंद्र सिंह निवासी ग्राम जोनई थाना जसवंतनगर के साथ बाइक से ग्राम नगला लछि थाना ऊसराहार स्थित ससुराल गए थे। रविवार शाम को घर आते समय कर्री छिमारा मार्ग पर हवाई पट्टी के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान धर्मवीर उर्फ सोमराज की मौत हो गई। वही श्याम सुंदर का इलाज चल रहा है।
महाराज सिंह ने बताया कि बेटा धर्मवीर जिला हापुड़ स्थित प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करता था और बहू व बच्चों के साथ हापुड़ में रहता था। तीन माह बाद वह शनिवार रात आठ बजे घर आया था। थोड़ी देर बात करने के बाद वह साढ़ू के साथ ससुराल गमी में शामिल होने चला गया था।