इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर में मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे घर से कुछ ही दूरी पर खेतों में खड़ी धान की फसल में पानी लगा रहे 40 वर्षीय किसान की बिजली के तारों में उलझने से लगे करंट से मौत हो गई।
बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर निवासी 40 वर्षीय किसान रामजीत उर्फ बड़े पुत्र मिट्ठू लाल मंगलवार सुबह खेतों में पानी लगा रहा था। इस दौरान किसी तरह मोनो ब्लॉक के तारों में उलझने से उसे करंट लग गया जिससे वह वहीं गिर गया। पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने जाकर रामजीत को उठाया, लेकिन वह नहीं उठा। परिवार के लोग रामजीत को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामजीत की मौत से जहां गांव में मातम छाया हुआ है वहीं पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।