इटावा। चकरनगर क्षेत्र के बिठौली थानांतर्गत गता गांव के मूक-बधिर नितिन उर्फ बोरे की सोमवार सुबह गला रेतकर की गई हत्या में शक की सुई अपनों ओर है। बालक के पिता ने एक व्यक्ति पर संदेह जताया है। इधर, चिकित्सकीय परीक्षण के बाद बालक का शव परिजनों को सौंप दिया गया जिसका अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों ने तहरीर थाने में दी, लेकिन देर शाम तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था।
थाना बिठौली के गता गांव में सोमवार को सुबह मोर के पंख बीनने गए मूक-बधिर 10 वर्षीय बालक नितिन उर्फ बोरे की गला रेतकर की गई हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पिता व अन्य परिजनों ने एक व्यक्ति पर शक जताया है। उधर, डाक्टरी परीक्षण के बाद थाना पुलिस द्वारा परिजनों को बालक के शव को सौंप दिया गया। परिजनों ने पचनद संगम में जल प्रवाह के साथ अंतिम संस्कार कर दिया।
रोते बिलखते हुए पिता संतोष ने बताया कि हमारे बच्चे का हत्यारा पता चल गया है, हत्यारा अपनों में से एक है। परिजनों ने थाना पुलिस को इसकी गोपनीय जानकारी दी है। थानाध्यक्ष गगन गौर ने बताया कि अभी तक किसी के विरुद्ध कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। परिजनों के बताए अनुसार गांव के ही कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।