इटावा। कोतवाली थाना से कुछ दूरी पर शुक्रवार की शाम एक अनियंत्रित कार चार लोगों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे रखे लकड़ी के खोखा में जा घुसी। हादसे में वृद्ध समेत चार लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में वृद्ध ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कार को कब्जे में ले लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम अनियंत्रित कार की टक्कर से दुर्रे हसन (70) निवासी भूरा मोहल्ला थाना कोतवाली और 65 वर्षीय सागिरा बेगम पत्नी रफीक निवासी कस्साब खाना पचराहा गंभीर रूप से घायल हो गईं। जबकि दो अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आईं। चार लोगों के टक्कर लगने के बाद चालक कार को संतुलित नहीं कर पाया और सड़क किनारे रखे एक लकड़ी के खोखा में जा घुसा। घटना से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दुर्रे हसन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वृद्ध की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।