हाईवे के किनारे खड्ड में पड़ी क्षतिग्रस्त स्कार्पियो।
- फोटो : ETAWHA
जसवंतनगर (इटावा)। हाईवे पर रविवार सुबह छुट्टा मवेशी से बचने में कार अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। कार सवार दो खनन कारोबारियों की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने छुट्टा मवेशियों पर लगाम लगाने और मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर आधे घंटे बाद किसी तरह रास्ता खुलवाया।
फिरोजाबाद के थाना नारकी गांव अखई निवासी सुनील कुमार (29) और जसराना के गहेरी गांव निवासी अरनेश कुमार (30) उरई और जालौन में खनन का कारोबार करते थे। एक दिन पहले इनका बालू से भरा ट्रक जालौन में पकड़ लिया गया था। गाड़ी के पेपर लेकर रविवार को दोनों जालौन के लिए निकले थे। सुबह करीब आठ बजे वे कार से जसवंतनगर पहुंचे थे। अचानक एक छुट्टा मवेशी गाड़ी के सामने आ गया। बचने के चक्कर में इमरजेंसी ब्रेक लेते ही गाड़ी अनियंत्रित होकर लहराते हुए करीब 50 मीटर आगे जाकर हाईवे के किनारे खड्ड में पलट गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के कई गांव के लोग हाईवे पर जुट गए। लोगों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस सुनील और अरनेश को सैफई चिकित्सा विवि लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर जुटी भीड़ में कई सुनील और अरनेश के परिचित थे। मवेशियों की वजह से आए दिन हो रहे हादसे का हवाला देकर भीड़ ने आक्रोशित होकर हाईवे जाम कर दिया। बवाल बढ़ता देख जसवंतनगर पुलिस ने आसपास के थानों से भी फोर्स बुलवा लिया। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बीच हाईवे जाम रहा। बवाल बढ़ता देख पुलिस ने पहले लोगों को चेतावनी दी। बात न बनती देख पुलिस ने उन्हें छुट्टा मवेशियों पर लगाम लगाने और मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर शांत करवाया।
जसवंतनगर थाना प्रभारी अंजन कुमार का कहना है कि हाईवे पर मवेशियों की आवाजाही रोकने के लिए दोनों तरफ रेलिंग बनाने का प्रस्ताव कई बार प्रशासन और एनएएचआई को भेजा जा चुका है। फिर से प्रस्ताव भेजा जा रहा है।