सड़क पर जाम लगाये बैठी महिलाएं
- फोटो : ETAWHA
इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कचौरा रोड पर सोमवार सुबह सात बजे एक डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर सवार पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी पत्नी घायल हो गई। ग्रामीणों ने कचौरा रोड पर जाम लगा दिया। एक घंटे बाद पुलिस के समझाने पर जाम खुल सका। इधर, डीसीएम और उसके चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
ग्राम सलेमपुर करखा थाना नगला खंगर जनपद फिरोजाबाद निवासी सचीन्द्र नाथ उर्फ पोले (40) पत्नी मंजू के साथ रविवार को अपनी ससुराल नगला उदय सिंह जसवंतनगर एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। सोमवार की सुबह साढ़े 7 बजे घर से निकल कर कचौरा रोड भीखनपुर की पुलिया के सामने पहुंचे तो जसवंतनगर की ओर से आ रही डीसीएम ने बाइक मे टक्कर मार दी। घटना में सचीन्द्र नाथ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मंजू टक्कर से बहुत दूर जाकर गिरी और घायल हो गईं। ग्रामीणों ने डीसीएम और उसके चालक को पुलिस को सौंप दिया।
वहीं घटना की खबर जैसे ही उसके ससुरालीजनों को मिली, बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और रोड पर जाम लगा दिया। कुछ ही समय बाद प्रभारी निरीक्षक अंजन कुमार को इसकी सूचना मिली तो उन्होंने उपनिरीक्षक संजय कुमार तथा बनवारी लाल को मय फोर्स के वहां भेजा।
उन्होंने काफी देर पीड़ित परिवार को समझाया और उन्हें हरसंभव सहायता देने का वादा दिया तथा तुरंत ही मुकदमा लिखने का आश्वासन दिया। इस पर पीड़ित परिजनों ने शव को उठने दिया और जाम खोला जा सका। इस दौरान एक घंटा व्यवस्था बाधित रही। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।