इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाइवे पर मानिकपुर मोड़ के पास बाइक से पत्नी के साथ इटावा जा रहे एक शिक्षक को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक को भगा ले जाने में सफल रहा।
फिरोजाबाद जिले के गांव गोट पुरा स्थित गंगा देवी बघेल इंटर कालेज के शिक्षक रमेश चंद्र (52) पुत्र लल्लू प्रसाद निवासी भिटारा जगमोहनपुरा थाना बकेवर के मूल निवासी थे। उन्होंने मैनपुरी फाटक के पास अपना मकान बनवाया था। मंगलवार को वह अपनी पत्नी शकुंतला देवी के साथ बाइक से गांव गए थे।
शाम करीब सात बजे वह इटावा लौट रहे थे, मानिकपुर मोड़ के पास पीछे आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह पत्नी समेत सड़क पर जा गिरे और ट्रक दोनों को रौंदता हुआ निकल गया। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक को भगा ले गया।
दुर्घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर एसओ इकदिल मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया। डाक्टरों ने उनके मरने की पुष्टि कर दी। पुलिस ने लोगों को रोड से हटाकर जाम खुलवा दिया।