भरथना क्षेत्र के तुरैया पुल के पास दुर्घटना के बाद मौके पर लगी भीड़ एवं मौजूद पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
भांजी की गोद भराई में बसरेहर के ग्राम माहतपुर जा रहे बाइक सवार दंपति को थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरैया उमरसेंड़ा नहर की पटरी के पास ट्रक ने रौंद दिया। दंपति की दुर्घटना में मौत हो गई। उनका तीन साल का मासूम बेटा बाल-बाल बच गया। बाइक चालक हेेलमेट नहीं पहने थे।
रविवार सुबह कुदरकोट औरैया के ग्राम नूराबाद निवासी शिवसरन (35) उर्फ लालू पुत्र अकबर सिंह, पत्नी रामा देवी और पुत्र कल्लू(3) के साथ बाइक से भांजी की गोदभराई मेें शामिल होने बसरेहर के ग्राम माहतपुरा जा रहे थे। तुरैया पुल के पास ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में बाइक चालक शिवसरन की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी रामादेवी को घायलावस्था में जिला अस्पताल भेजा गया।
जहां पर उनकी मौत हो गई। हादसे में मासूम कल्लू को खरोंच तक नहीं आई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। घटना से तुरैया उमरसेंडा मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। थाना पुलिस ने शव को हटवाया। मृतक के पिता अकबर ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी विकास राय और नीतेंद्र वशिष्ठ, प्रमोद यादव ने आवागमन सुचारु कराया।