इटावा। जिले में वैक्सीन की किल्लत बराबर बनी हुई है। ऐसे में टीकाकरण अभियान जोर नहीं पकड़ पा रहा है। हाल यह है कि रोजाना अलग-अलग शहरों से वैक्सीन मंगाने के बावजूद पूरी नहीं पड़ रही है। इस वजह से जुलाई में चलने वाला विशेष अभियान भी शुरू नहीं हो सका।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सतेंद्र सिंह यादव ने बताया कि वैक्सीन रोज मंगानी पड़ रही है। रविवार को चार हजार डोज मंगाई गई थी। उससे सोमवार को काम चल गया। मंगलवार को होने वाले वैक्सीनेशन के लिए छह हजार डोज और मंगाया गया है।
वैक्सीन कहां से मंगवा रहे हैं, इस बारे में बताया कि कुछ पता नहीं कहां से मिलेगी। शुरू में कानपुर से आई बाद में आगरा से मंगवाई। बनारस तक से वैक्सीन मंगानी पड़ी। मंगलवार के लिए कानपुर से वैक्सीन की छह हजार की डोज लेने के लिए कर्मचारियों को भेजा गया है। मांग के अनुरूप वैक्सीन नहीं मिल पाने से समस्या बनी हुई है। ऐसी स्थिति में दूसरी डोज लगवाने वालों के लिए वैक्सीन रिजर्व में रखनी पड़ रही है।