फोटो 15::::कामेत समिति पर लटका ताला। संवाद
उदी। गेहूं की बोआई का समय चल रहा है, लेकिन किसानों को सहकारी समितियों से खाद नहीं मिल पा रही है। उदी क्षेत्र की कामेत और बढ़पुरा क्षेत्र की चंदरपुरा सहकारी समिति बंद हैं। शुक्रवार को खाद लेने पहुंचे किसानों को समितियों पर ताले लटके मिले। काफी देर इंतजार करने के बाद भी समितियां नहीं खुलीं तो किसानों को बिना खाद लिए ही लौटना पड़ा।
चंदरपुरा समिति पर खाद लेने पहुंचे शिवजीपुरा निवासी रमेश ने बताया कि वह गेहूं की फसल के लिए खाद लेने आए थे, लेकिन समिति पर डीएपी उपलब्ध न होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। वहीं, कामेत समिति पहुंचे रमीकावर निवासी विश्राम सिंह ने बताया कि वह भी गेहूं की फसल के लिए खाद लेने आए थे, लेकिन खाद भंडार बंद होने से उन्हें खाद नहीं मिल सकी।
चंदरपुरा सहकारी समिति के सचिव रवि ने बताया कि दो दिन पहले समिति पर उपलब्ध डीएपी का वितरण कर दिया गया था। वर्तमान में समिति पर डीएपी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें डेंगू हो गया है, इसलिए शुक्रवार को अवकाश पर हैं। वहीं, कामेत समिति के सचिव आशीष यादव से खाद की उपलब्धता और समिति बंद रहने के संबंध में जानकारी लेने के लिए फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं हुआ।
फोटो 15::::कामेत समिति पर लटका ताला। संवाद