शहर के बीचाेंबीच स्थित नगर पालिका चौराहा व पक्की सराय के बीच बाजार में बुधवार की रात खुदी सड़क के कारण एक कंटेनर पलट गया। कंटेनर की चपेट में आने से पांच दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत यह रही कि हादसा रात के समय होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
कंटेनर के पलटने से इस रूट पर दिनभर यातायात प्रभावित रहा। कंटेनर को हटाने के लिए दो क्रेन लगाई गई, बावजूद इसके कंटेनर नहीं हटाया जा सका। ग्वालियर से इलेक्ट्रानिक आइटमों से लदा एक कंटेनर बुधवार को बाईपास जाने के बजाए सीधे शहर के अंदर घुस आया। नगर पालिका चौराहे से पक्की सराय तक सड़क की खुदाई हुई थी।
करीब आठ दस फुट गहरी खुदाई के बाद उसमें बालू भर दी गई। कंटेनर चालक अनजाने में गाड़ी को इस सड़क पर ले आया और कुछ आगे चलकर कंटेनर पलट गया। हादसा होते ही चालक भाग निकला। कंटेनर पलटने से पुरवार मार्केट की दीवार टूट गई और अग्रवाल हैंडलूम, सोनू गिफ्ट इंपोरियम, राज रेडीमेड सेंटर व राज के प हाउस की दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।
इस जानकारी होने पर व्यापारी मौके पर पहुंचे और अपने सामान को सुरक्षित किया। कंटेनर पलटने से बाजार में आवागमन प्रभावित हो गया। दोपहर को कंटेनर को हटाने के लिए दो क्रेनें मंगाई गई। मगर माल लदे कंटेनर के गड्डे में फंसे होने के कारण उसे हटाया नहीं जा सका।