15 दिन पूर्व निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास बाइक सवार दंपति से हुई खूनी लूट का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई।
पति को गोली मारने के बाद बाइक सवार बदमाशों ने उसकी पत्नी से जेवर-नगदी लूटी और फरार हो गए।
पुलिस की लापरवाही से क्षुब्ध महिला और उसके भाई ने सांसद के बाद अब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मुख्य सचिव से शिकायत की है।
हालांकि सोमवार को एसएसपी ने आलोक प्रसाद को हटाकर चंद्रदेव सिंह को सीओ भरथना की जिम्मेदारी दी है।
19 जून को भरथना थाना क्षेत्र के आलमपुर बिवौली गांव के दयाशंकर शाक्य पत्नी देवकी के साथ बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट की थी। लूट का विरोध करने पर दयाशंकर को बदमाशों ने गोली मार दी थी।
उनकी सैफई में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बदमाश घायल दयाशंकर की जेब से 50 हजार रुपये और पत्नी के जेवर लूटकर फरार हो गए थे।
पीड़ित पत्नी देवकी और उसके भाई प्रदीप का आरोप है कि पुलिस लगातार लापरवाही बरत रही है।
इसीलिए बदमाश अब तक पकड़े नहीं गए हैं। उन्होंने इसकी शिकायत घर पर पहुंचे अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष/सांसद रामशंकर कठेरिया से भी की थी। सांसद ने डीजीपी से सीओ भरथना और थाना प्रभारी की शिकायत की थी।
पीड़ितों का आरोप है कि इसके बाद भी पुलिस ने घटना के खुलासे को लेकर सक्रियता नहीं बरती। लिहाजा उन्होंने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी से इसकी शिकायत की है।
इधर, एसएसपी आकाश तोमर ने सोमवार को सीओ भरथना आलोक प्रसाद को हटाकर सैफई सीओ चंद्रदेव को इस सर्किल की जिम्मेदारी दी है। माना जा रहा कि इसी मामले में सीओ को यहां से हटाया गया है।