जसवंतनगर। तहसील क्षेत्र के ग्राम तिजौरा के लगभग 50 मतदाताओं के वोट काटे जाने से रोष है। ग्रामीण गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव के चौगुर्जी आवास पर पहुंचे और सूची में नाम जुड़वाने की गुहार लगाई।
विधायक आवास पर पहुंचे ग्रामीण पूरन सिंह, केसर देवी, विकास बाबू, सीमा, कुशलपाल, रामकिशोर, रामनरेश, उमा देवी, मुकेश, पूनम, अनुज, लालू प्रसाद, प्रवीण कुमार, पूजा, नवीन, ऊषा देवी का कहना है कि गांव में पार्टीबंदी के कारण कुछ लोगों ने बीएलओ को गुमराह कर सूची से उनके नाम कटवा दिए हैं। शिवपाल ने एसडीएम को फोन कर स्वयं जाकर मामले की जांच करके दोषियों पर कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य पूर्ण है कि सरकारी मशीनरी सत्ता पक्ष के इशारे पर लोकतंत्र की हत्या करने को प्रयासरत है। सपा नेता आलोक दीक्षित ने जिले के सभी सपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वह अपने बूथों की मतदाता सूचियां अवश्य देख लें। ताकि किसी गड़बड़ी की संभावना न रहे। एसडीएम दीप शिखा सिंह ने बताया कि कुछ लोग शिकायती पत्र लेकर आए थे। इसकी जांच तहसीलदार से कराई जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)