बकेवर। कस्बा के 50 शैया अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के चलते सोमवार को ओपीडी में आए मरीजों को काफी दिक्कतें हुईं। रविवार के बाद सोमवार को अस्पताल खुलने पर बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए ओपीडी में पहुंचे। ओपीडी में मात्र सीएमएस व जिले से अटैच एमओआईसी डॉ. पुष्पेंद्र ही मौजूद थे। वहीं, इसी बीच इमरजेंसी में मरीज आने से सीएमएस इमरजेंसी में चले गए। ऐसे में ओपीडी में आए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
50 शैया अस्पताल में सोमवार को कुल 209 नए मरीज इलाज के लिए पहुंचे जबकि लगभग इतनी ही संख्या में पुराने पर्चे के मरीज भी ओपीडी में दिखाने के लिए पहुंचे। ओपीडी में डॉक्टर संदीप गुलाटी व डॉक्टर पुष्पेंद्र मरीजों को इलाज दे रहे थे कि तभी इमरजेंसी में मरीज आ गए। इस पर तुरंत ही सीएमएस को इंमरजेंसी में जाना पड़ा। ऐसे में ओपीडी में मौजूद मरीजों को बैठकर उनके आने का इंतजार करना पड़ा। इमरजेंसी में एक के बाद एक अन्य मरीजों के आने से सीएमएस डॉ संदीप गुलाटी डेढ़ बजे के बाद वहां से ओपीडी में पहुंच सके। यहां आने पर बड़ी संख्या में मरीज उनका इंतजार कर रहे थे। दोपहर दो बजे ओपीडी का समय खत्म होने के बाद भी सौ से अधिक मरीज ओपीडी में इलाज के लिए इंतजार कर रहे थे। ऐसे में ओपीडी को तीन बजे तक चलाया गया। इसके बाद भी कई मरीजों को बिना इलाज के ही वापस लौटना पड़ा। सीएमएस डॉ. संदीप गुलाटी का कहना है कि डॉक्टरों की भारी कमी के चलते वह अस्पताल में 18 घंटे तक ड्यूटी कर रहे हैं। सीएमओ को स्थिति बताई जा चुकी है और लगातार डॉक्टर की तैनाती की मांग की जा रही है।
वर्जन
50 शैया अस्पताल बकेवर के सीएमएस डॉ. संदीप गुलाटी की रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने महानिदेशक को रिपोर्ट भेज दी है साथ ही इटावा के सीएमओ को पत्र लिखकर 50 शैया अस्पताल में कुछ चिकित्सक देने को भी कहा है।
जीके मिश्रा, एडिशनल डायरेक्टर कानपुर मंडल