मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 5 मार्च गुरुवार को सुबह 11 बजे सैफई पंडाल में प्रस्तावित जिला जेल और फ्रेंड्स कालोनी थाने का शिलान्यास करेंगे। मंगलवार को पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में जिलाध्यक्ष ने कहा कि काफी समय से लाइनपार क्षेत्र के लिए अलग पुलिस थाने की जरूरत महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री ने उस जरूरत को पूरा करने का निर्णय लिया है।
बताया कि पार्टी के चार प्रमुख समाजवादी युवा प्रकोष्ठ में अच्छे आचरण वाले युवाओं को तरजीह दी गई है। युवजन सभा का जिलाध्यक्ष अशोक नगर के आदित्य गोविंद दीपक, छात्र सभा के जिलाध्यक्ष जौनई जसवंतनगर के खन्ना यादव, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष पचराहा के फरहान शकील और लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष सगरा चकरनगर के राजेश यादव बनाए गए हैं।
इसके अलावा मंदिर दान सहाय भरथना निवासी राजेश कुमार यादव को भरथना ब्लाक समाजवादी पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया है। नव मनोनीत पदाधिकारियों से 20 दिन के अंदर कमेटी गठित करने को कहा गया है। युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अपने सेक्टर व बूथ प्रभारी भी नियुक्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जन हितकारी नीतियाें से हर जाति वर्ग के लोगों को फायदा मिल रहा है। युवा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाएं। वार्ता के दौरान जिला महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता, आशीष राजपूत, प्रेमदास कठेरिया, राकेश यादव आदि मौजूद रहे।