इकदिल थाना क्षेत्र के मोहल्ला अर्जुननगर में सोमवार की दोपहर घर के बाहर खेल रहे दो बच्चे लापता हो गए। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने थाना पुलिस को प्रार्थनापत्र देते हुए अपहरण की आशंका जताई है।
इकदिल थाना क्षेत्र के गांव नगला दलप निवासी सुनील बाबू प्राइमरी विद्यालय में टीचर हैं। वे इस समय पक्काबाग क्षेत्र के मोहल्ला अर्जुन नगर में परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार की दोपहर उनका बेटा सुशांत उर्फ डायमंड (11) घर के बाहर अपने दोस्त शुभम (13) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी नगला दलप, हाल पता अर्जुन नगर के साथ खेल रहा था।
काफी देर बाद जब वह अपने-अपने घर नहीं पहुंचे तो परिवारीजनों ने एक-दूसरे के घर जाकर पूछताछ की। बच्चों के अचानक गायब होने से दोनों परिवार परेशान हो उठे । दोपहर से शाम तक परिजन दोनों को ढूंढते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए इकदिल थाना पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया।
अचानक दोनों बच्चों के गायब होने से उनके घर में कोहराम मचा हुआ है। बच्चों की फिक्र में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुनील बाबू ने बताया कि उनका बेटा कक्षा पांच में शहर के रॉयल ऑक्सफोर्ड विद्यालय में पढ़ता है। दोपहर के वक्त वह घर के पास में ही शुभम के साथ खेल रहा था तभी से गायब है।
थानाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस दोनों की खोजबीन कर रही है। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि दोनों अपनी मर्जी से कहीं चले गए हैं।