मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सैफई स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों की काफी भीड़ रही। इसके चलते बाद में पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने लोगों के प्रार्थनापत्र लिए और अधिकारियों को समस्या निस्तारित करने के निर्देश दिए।
गुरुवार की शाम सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को सैफई महोत्सव का आनंद लिया। चाट-पकौड़ी खाई, गाजर का हलवा और रसगुल्ले का स्वाद भी लिया।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सुबह के वक्त करीब 15-20 मिनट आम जनता के बीच गुजारे। पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान डीएम नितिन बंसल, एसएसपी डा. राकेश सिंह आदि जिले के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
लोगों की समस्याएं सुनने के बाद सीएम अखिलेश यादव लखनऊ रवाना हो गए। लेकिन गेस्ट हाउस में फरियादियों की काफी भीड़ जमा थी। इसे देखते हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव वहां पहुंचे और समस्याएं सुनकर अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।
उधर गुरुवार की शाम करीब 5 बजे सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने सांसद धर्मेंद्र यादव, बेसिक शिक्षा मंत्री रामगोविंद चौधरी, पूर्व शिक्षा निदेशक वासुदेव यादव, रविंद्र श्रीवास्तव गुड्डू, प्रदीप यादव, सांसद तेजप्रताप यादव, संतोष शाक्य, डीएम नितिन बंसल के साथ सैफई महोत्सव का जायजा लिया।
वह दुकानदारों से मिले और उनका हालचाल लिया। कई दुकानदारों ने सपा मुखिया को शॉल ओढ़ाई और प्रतीकचिन्ह भेंट किए।
इसी बीच श्री यादव दिल्ली चाट वाले की दुकान में बैठ गए और सर्दी के मौसम में आलू की टिक्की, रसगुल्ला, गाजर के हलवे का आनंद लिया। सपा मुखिया ने साथ में मौजूद लोगों को भी इन आइटमों को खिलाया।