चोरों ने नगर के मोहल्ला मोतीगंज कल्याणनगर में शुक्रवार की रात प्रधानाध्यापक के सूने घर के ताले तोड़कर 16 हजार रुपये व जेवर सहित सहित करीब दो लाख रुपये का माल पार कर दिया।
सुबह पड़ोसियों से सूचना मिलने पर गृहस्वामी मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
नगर के मोहल्ला मोतीगंज कल्याणनगर निवासी योगेश तिवारी भरथना ब्लाक के गांव बिबोली में स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं। वह शुक्रवार को अपने भतीजे के जन्मदिन में शामिल होने के लिए पैतृक गांव इंद्रोशी गए थे। मौसम खराब होने से रात में वह वहीं रुक गए।
इधर मकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने बक्से, अलमारी आदि के ताले चटकाए और नगदी व कीमती सामान पार कर दिया। शनिवार की सुबह पड़ोस के लोगों ने मकान के ताले टूटे देखकर फोन के जरिए योगेश तिवारी को सूचना दी। वह घर पहुंचे। अंदर घुसकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। नकदी और जेवर गायब थे।
योगेश तिवारी की सूचना पर कस्बा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की, लेकिन चोरों का सुराग नहीं मिला। योगेश तिवारी ने बताया कि वह पत्नी अंशू तिवारी व बेटा विवेक, अमन के साथ पैतृक गांव गए थे। उन्होंने बताया कि चोरों ने मेन गेट पर लगा चैनल का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया।
चोर 16 हजार रुपये सहित चार सोने की अंगूठी, सोने की दो जंजीर, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक रंगीन टीवी, दो गैस के सिलेंडर सहित करीब दो लाख रुपये का सामान ले गए हैं।