बकेवर। लखना कस्बे के ईकरी मार्ग पर शनिवार रात एक रेडीमेड कपड़े की दुकान में आग लग गई। इसमें तकरीबन छह लाख रुपये का माल जलकर खाक हो गया। दुकानदार ने मालिक पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगा पुलिस से शिकायत की।
लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम टकरूपुर निवासी चंद्रभान तिवारी पुत्र राम आसरे लखना कस्बे के ईकरी मार्ग स्थित किराए की दुकान में रेडीमेड कपड़े की दुकान किए हैं। शनिवार रात करीब एक बजे दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिसमें तकरीबन छह लाख रुपये मूल्य का रेडीमेड कपड़ा तथा अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।
चंद्रभान ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में दुकान मालिक पर आरोप लगाते हुए बताया कि वह काफी दिनों से उसपर दुकान खाली करने का दबाव बना रहा था। खाली न करने के एवज में दुकान में आग लगाने की धमकी भी देता था। दुकान खाली कराने के उद्देश्य से दुकान मालिक ने आग लगा दी। पीड़ित के प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है ।