लाइन पार के अजीतनगर मोहल्ला स्थित एक रेलवे कर्मी के बंद मकान का ताला तोड़कर चोर नगदी व जेवर समेत करीब 20 लाख का माल उठा ले गए। गृहस्वामिनी रविवार को अपने पैतृक गांव पुठिया गईं थी, बुधवार को लौटने पर वारदात की जानकारी हुई। उनका बेटा रुद्रपुर में इंजीनियर के पद पर तैनात है। उसके आने पर तहरीर दी जाएगी। उधर, घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने पहुंचकर मुआयना किया।
अजीतनगर मोहल्ला निवासी ब्रजेंद्र कुमार दोहरे साम्हों रेलवे स्टेशन पर एएसएम के पद पर तैनात हैं, लिहाज वह साम्हों में ही रहते हैं। उनकी पत्नी एटा में टीचर है। यहां मकान में उनकी मां विद्यावती अकेले रहती है, विद्यावती का छोड़ा बेटा इंद्रपाल रुद्रपुर में इंजीनियर के पद पर तैनात है। विद्यादेवी रविवार को मकान में ताला बंदकर पैतृक गांव पुठिया चली गई थी। बंद घर में चोर चहारदीवारी से फांदकर अंदर दाखिल हुए।
लोहे दरवाजे के बगल में स्थित लकड़ी के दरवाजे में बड़ा सा छेद भी कर दिया था। घर के अंदर चोरों ने सभी कमरों के ताले तोड़ दिए। ताला तोड़ने के लिए जिस लोहे की राड का इस्तेमाल किया, वह भी पलंग पर पड़ा मिला। अलमारी का लाकर तोड़कर जेवर निकाल लिए। दूसरे कमरे में एक अन्य अलमारी का ताला तोड़कर 25 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। इसके अलावा पीतल के बर्तन आदि सामान भी ले गए।
वृद्धा विद्यादेवी ने बताया कि चोर उनकी बड़ी बहू (ब्रजेंद्र की पत्नी) का जेवर चुरा ले गए। उनका मानना है कि चोर तकरीबन 20 लाख रुपये के जेवर नकदी व सामान चुरा ले गए। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर को जब वह अपने गांव से वापस लौटी तब चोरी होने का पता चला। शाम तक एएसएम ब्रजेंद्र कुमार अपने घर पर नहीं पहुंचे थे। पुलिस उनके लौटने का इंतजार कर रही है। उधर, पड़ोसी प्रेम सिंह व लालाराम वर्मा आदि का कहना है कि रात में पुलिस की गश्त नहीं होती। उन्होंने गश्त बढ़ाने की मांग की है।