इकदिल थाना क्षेत्र के हाईवे पर गांव मनियांमऊ के पास सोमवार देर रात आगे जा रहे ट्रक के चालक के अचानक ब्रेक लगा देने से पीछे से आ रहा ट्रक उसमें जा भिड़ा। इस हादसे में पीछे के ट्रक में सवार क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक में फंसे क्लीनर के शव को बाहर निकाला।
हाईवे पर मनियांमऊ गांव के पास दो ट्रक औरैया की ओर से आ रहे थे। अचानक आगे चल रहे ट्रक के चालक ने ब्रेक लगा दिए, जिसके कारण पीछे से आ रहा ट्रक उससे भिड़ गया। घटना के बाद आगे जा रहे ट्रक का चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया, जबकि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का चालक भी अपने क्लीनर साथी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष इकदिल श्रीधर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने ट्रक में फंसे क्लीनर के शव को बाहर निकलवाया। उसके पास से मिले कागजातों के आधार पर उसकी शिनाख्त विश्राम सिंह पुत्र लल्तू लाल निवासी खनियापुुुुर थाना इंदरगढ़ जनपद कन्नौज के रूप में हुई।
परिजनों को घटना देने के साथ ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ श्रीधर सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के अचानक ब्रेक लगाने से हादसा हुआ। ट्रक चालकों का पता लगाया जा रहा है।