इटावा। नेशनल हाईवे स्थित न्यू तुलसी नगर में मंगलवार दोपहर बेकाबू कार ने बाइक सवार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को टक्कर मार दी। इसमें युवक की मौत हो गई जबकि हादसे में एक महिला भी घायल हो गई जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक आयुक्त एवं रजिस्ट्रार सहकारिता कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी में कार्यरत थे।
सैफई थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव निवासी ओमकांत गुप्ता (57) आयुक्त एवं रजिस्ट्रार सहकारिता कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे। वर्तमान में वह पीएसी बटालियन के पास कुनैरा में रह रहे थे। मंगलवार दोपहर वह पक्का बाग स्थित अपने कार्यालय से किसी काम से कलक्ट्रेट की ओर बाइक से जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर न्यू तुलसी नगर के पास पहुंची, तभी पीछे से आ अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ओमकांत बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई बाइक वहां खड़ी एक महिला से जा टकराई जिससे वह भी घायल हो गई। कार चालक भाग गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद ओमकांत को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला का उपचार किया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां ओमकांत का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी आरती देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी पर लगे कैमरों की मदद से वाहन स्वामी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।