सैफई थाने में समाधान दिवस पर शिकायत सुनते एसएसपी जय प्रकाश सिंह। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। जसवंत नगर और सैफई थाने में समाधान दिवस पर एसएसपी जय प्रकाश सिंह समस्याएं सुनने पहुंचे। जसवंतनगर थाने में चार समस्याएं एसएसपी ने सुनीं। किसी भी समस्या का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। अवैध कब्जे की शिकायतें ज्यादा आईं। कई फरियादियों ने कहा कि वह कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
समाधान दिवास पर बलरई थाने में कुल तीन शिकायतें आईं। इनमें से पुलिस ने ग्राम नगला विशुन में चकरोड से मौके पर जाकर अतिक्रमण हटवाया और एक प्लाट को कब्जा मुक्त कराया। तहसीलदार जसवंतनगर यदुवीर सिंह, लेखपाल प्रवीन कुमार और बलरई थानाध्यक्ष विवेक सिंह मौजूद रहे। तहसीलदार सैफई मोनालिसा जौहरी की अध्यक्षता में हुए थाना दिवस में 16 शिकायतें आईं। इनमें से दो शिकायत का मौके पर ही तहसीलदार ने निस्तारण करा दिया। अधिकांश शिकायतें अवैध कब्जों की रहीं। इस दौरान एसएसपी सैफई थाने पहुंचे। एसएसपी ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों पर कार्रवाई होगी। वैदपुरा थाने पर एसडीएम ज्योत्सना बंधु के पास कुल 12 शिकायतें आईं। इनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। भरथना थाने में समाधान दिवस पर कुल 16 शिकायतें आईं। पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। एसडीएम विजय शंकर ने अन्य शिकायतों पर जल्द निस्तारण करने का आदेश दिया।
ब्लॉक महेवा सभागार में समाधान दिवस में दो शिकायर्तें आइं। बीडीओ निरंजन त्रिवेदी को मुकुटपुर निवासी पुष्पेंद्र कुमार के गांव के मध्य बड़े तालाब की साफ-सफाई का प्रार्थना पत्र दिया। प्रधान लुधियानी दयाशंकर ने गांव के तालाब की साफ- सफाई में आने वाली समस्या रखी। खंड विकास अधिकारी ने दोनों समस्या का जल्द से जल्द निस्तारण करने का आदेश दिया है। ऊसराहार थाना सभागार में एसपी देहात सत्यपाल सिंह एसडीएम ताखा कौशल कुमार की मौजूदगी में थाना दिवस हुआ। इस दौरान कुल चार शिकायतें आई। दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।