जसवंतनगर में सड़क से ऊंची नाले की बांउड्री। संवाद
- फोटो : ETAWAH
जसवंतनगर। मोहल्ला कोठी कैस्त के लोगों को इस बारिश भी जलभराव की समस्या से जूझना पड़ेगा। सड़क ऊंची कराने के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से भेजे प्रस्ताव पर शासन से अभी स्वीकृति नहीं मिली है। इसलिए समस्या का समाधान नहीं हो सकेगा।
कोठी कैस्त का रास्ता कस्बे का मुख्य मार्ग है। सड़क के दोनों तरफ नाले बने हुए हैं। इनकी ऊंचाई सड़क से एक फीट से अधिक होने की वजह से बारिश के दिनों ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। मजबूरन लोगों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। रामलीला रोड, कैस्त की तरफ के लोग बारिश के दिनों में परेशान रहते हैं। समस्या के समाधान के लिए कस्बेवासियों ने कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कुछ नहीं हो सका। कोठी कैस्त निवासी हुकुम सिंह, मुकुट सिंह, रामसेवक, श्याम बिहारी, विनीत पाडेय, हितेश, लक्ष्मीकांत ने बताया कि बारिश के दौरान कई बार बाइक से जाने के दौरान लोग गिरकर घायल हो जाते हैं।
अधिशाषी अधिकारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि एक साल पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक शिवपाल सिंह की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई थी। इसमें कोठी कैस्त के सभासद प्रमोद गुप्ता ने यह समस्या उठाई थी। विधायक ने इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। उनके कहने पर पीडब्ल्यूडी नेे सड़क ऊंची कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। अभी तक शासन से बजट नहीं मिला है।