- मुख्यमंत्री डैशबोर्ड विकास (दर्पण पोर्टल) की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए निर्देश
- अन्य जन शिकायतों के निस्तारण में भी जिले की स्थिति सुधरी, अप्रैल में रैंकिंग सुधरी
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। दर्पण पोर्टल पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में जिले को 10/10 अंक मिले और प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ। अन्य मामलों की समीक्षा में भी मार्च की अपेक्षा अप्रैल की रैंकिंग में सुधार आया है। इसमें और सुधार करके प्रदेश के टॉप 10 जिलों में शामिल होना लक्ष्य बनाएं। यह बात शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक करते हुए जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कही।
उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 में जनपद की रैंक 25 रही है जो मार्च 2026 की रैंक 32 से बेहतर है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने इंडिकेटरों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य जनपद को प्रदेश के शीर्ष 10 जनपदों में स्थान दिलाना है।
बताया कि खराब ट्रांसफार्मर शिकायत निस्तारण, विद्युत बिल सुधार, कृषि रक्षा रसायन डीबीटी योजना, टेली रेडियोलॉजी और दिव्यांग पेंशन योजना में भी जनपद को 10/10 अंक मिले। इन सभी में जनपद प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में 28वीं रैंक, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में 12वीं रैंक और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में सातवीं रैंक मिली। एकीकृत बागवानी विकास मिशन में 53वीं, मुख्यमंत्री आवास योजना में 67वीं और परिवार आईडी में 32वीं रैंक प्राप्त हुई।
सामूहिक विवाह की सामग्री की खरीदारी जेम पोर्टल से करें
जिलाधिकारी ने जिला जेल में संचालित गोशाला के संचालन की सराहना की। उन्होंने अतिरिक्त निराश्रित गायों को वहां भेजने के निर्देश दिए। सामूहिक विवाह योजना की सामग्री जेम पोर्टल से खरीदने और छोटे आयोजन कर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। प्रत्येक गांव में कम से कम पांच-पांच महुआ के पेड़ लगाने पर बल दिया गया। अंडा उत्पादन के क्षेत्र में नए लोगों को जोड़ने के लिए भी कहा गया। विद्युत बिल सुधार से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।