बसरेहर। थाना चौबिया क्षेत्र के भूटा गांव में बुधवार रात दो घरों से चोर जेवर-नगदी समेत करीब आठ लाख का माल समेट ले गए। दोनों पीड़ित किसान परिवार हैं। चोरों ने कटर से ताले काटकर चोरी को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना किया।
गांव के विपिन कुमार पुत्र राजेंद्र सिंह ने बताया मकान में नीचे बुधवार को फर्श बनवाया था। आवाजाही में फर्श खराब न हो, इस कारण पीछे बने बड़े भाई श्यामवीर के मकान में सो गए थे। रात को 11 बजे तक विपिन कुमार ने घर की निगरानी भी की लेकिन इसके बावजूद चोरी हो गई। कमरे व रसोई में लगे ताले को कटर से काटकर अलमारी, अटैची बक्से में रखे सोने के जेवरों में एक कंठी 3 तोले की, दो जंजीर 4 तोले की, सात अंगूठी 21 ग्राम की, मंगलसूत्र कान के कुंडल 3 जोड़ी, पायले बच्चे की करधनी और खडुआ सहित घर में रखे 23000 रुपये और बर्तन व कपड़ा चोरी कर लिए।
सुबह करीब 6 बजे उठने पर वारदात पता चली। विपिन कुमार ने बताया छोटे भाई सोनू की 6 मई को शादी है। इसकी तैयारी के लिए जेवर, बर्तन व कपड़े की खरीद की थी। विपिन कुमार के अनुसार, चोरों ने करीब पांच लाख का माल पार कर दिया है। चोरी से उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था।
इसी गांव के सरनाम सिंह पुत्र रामस्वरूप यादव के यहां भी चोरों ने धावा बोला। वे पीछे के रास्ते घर में घुसे और कमरे में रखी अलमारी व बक्से से जेवर आदि ले गए। रामस्वरूप यादव ने बताया चोरों ने एक कंठी 4 चूड़ी, चार अंगूठी, एक जंजीर कान के कुंडल सहित 40000 रुपये पार कर दिए। कुल मिलाकर तीन लाख की चोरी इनके घर से भी हुई। दोनों घरों से करीब आठ लाख की चोरी हुई चोरी होने से गांव में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी कर्री चौकी सहित थाना चौबिया पुलिस को दी गई । चौबिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी की।