इटावा। परिषदीय विद्यालयों के बच्चे नए सत्र से कंप्यूटर की पढ़ाई करेंगे। इसके लिए एससीईआरटी ने पाठ्यक्रम में बदलाव किया है। छठवीं से आठवीं कक्षा तक के बच्चों को कंप्यूटर की पढ़ाई कराई जाएगी। इसके लिए विज्ञान विषय में डिजिटल लिटरेसी अध्याय को जोड़ा गया है। नए सत्र से विद्यार्थियों को इसकी किताबें उपलब्ध होंगी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति में कंप्यूटर ज्ञान को प्राथमिकता दी जा रही है। प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षण संस्थानों में कंप्यूटर को अनिवार्य विषय के रूप में पढ़ाया जा रहा है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने भी परिषदीय विद्यालय के छठवीं से आठवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव किया है। विभाग के मुताबिक, नए सत्र से विद्यार्थी डिजिटल लिटरेसी अध्याय के तहत कंप्यूटर के बेसिक कोर्स की पढ़ाई करेंगे।
इसमें ऑनलाइन डिजिटल शिक्षा, कम्प्यूटर, स्मार्टफोन व इंटरनेट कनेक्टिविटी की जानकारी दी जाएगी। डिजिटल शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा व सावधानियों के बारे में भी पढ़ाया जाएगा। कंप्यूटर की पढ़ाई के लिए परिषदीय विद्यालयों में आईसीटी लैब स्थापित करने की योजना है। बीएसए डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि शासन से जो नया पाठ्यक्रम निर्धारित होकर आया है उसी के अनुरूप कार्य किया जा रहा है। नए सत्र में किताबें उपलब्ध होने पर कक्षा छह से आठ तक के बच्चों को विज्ञान के साथ कंप्यूटर की पढ़ाई कराई जाएगी।